जरा सोचिए, Translating app आपके कितने काम आ सकते हैं। आप काम के सिलसिले में या फिर ट्रैवल टूर पर जापान, चीन, फ्रांस देश के ही किसी हिस्से में जा रहे हैं और आपको वहां की स्थानीय भाषा बिल्कुल नहीं आती है।
यहां तक कि आप हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और दुकानों के बाहर लगे साइन बोर्ड को भी पढ़ नहीं पाते हैं, तो फिर कितनी परेशानी हो सकती है। लेकिन अगर आप थोड़े टेक सेवी हैं, तो भाषा की इन परेशानियों से बच सकते हैं और अपनी भाषा में लोगों से कम्युनिकेशन कर सकते हैं।
Google Translate
Sign board की भाषा का अनुवाद
आप ऐसे किसी शहर में हैं, जहां की लोकल भाषा आपको नहीं आती है और साइन बोर्ड पर लिखी चीजों को भी पढ़ नहीं पाते हैं, तो आपको वहां कई तरह की परेशानियों से गुजर ना पड़ सकता है। लेकिन ऐसी स्थिति में स्मार्टफोन के कैमरे का इस्तेमाल कर साइन बोर्ड पर दूसरी भाषा में लिखी चीजों को आप अपनी भाषा में पढ़ सकते हैं। इसमें आपकी मदद गूगल ट्रांसलेट एप कर सकता है।
इसमें टाइपिंग के जरिए 103 भाषाओं और ऑफलाइन 52 भाषाओं को अनुवाद करने की सुविधा दी गई है। अच्छी बात यह है कि स्मार्टफोन के कैमरे का इस्तेमाल करते हुए टेक्स्ट का 30 भाषाओं में अनुवाद कर सकते हैं। यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस के लिए उपलब्ध है। इसे डाउनलोड करने के बाद जिस भाषा से दूसरी भाषा में अनुवाद करना है, उसका चयन करना होगा। अगर फोटो पर लिखी भाषा का अनुवाद करना है, तो ऐप में दोनों भाषाएं चुन लेने के बाद डिस्प्ले पर नीचे की तरफ कैमरे का आइकन नजर आएगा।
उस पर क्लिक करना होगा। फिर ऊपर दाएं तरफ दी गई गैलरी के आइकन पर जाएं। यहां से उस फोटो को चुने जिस पर लिखे शब्द समझ में नहीं आ रहे हैं। थोड़ी देर की स्कैनिंग के बाद शब्दों का अर्थ खुद-ब-खुद स्क्रीन पर लिखा दिखने लगेगा। इसमें ट्रांसलेट के लिए और भी कई मोड दिए गए हैं, जिनमें इंस्टेंट कैमरा ट्रांसलेशन, कैमरा मोड, कन्वर्सेशन मोड और हैंडराइटिंग मोड शामिल है। गूगल ट्रांसलेट में आप विदेशी भाषाओं के साथ ही हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगू आदि कई स्थानीय भारतीय भाषाओं में भी अनुवाद कर सकते हैं।
Microsoft Translator
बोल कर भी कर सकते हैं अनुवाद
माइक्रोसॉफ्ट ट्रांसलेटर की मदद से ना सिर्फ टेक्स्ट का अनुवाद करने की सुविधा है, बल्कि बोलकर भी अनुवाद कर सकते हैं। इसकी मदद से 60 भाषाओं का अनुवाद किया जा सकता है। डिवाइस को कनेक्ट कर रियल टाइम में दो या दो से अधिक लोगों के साथ भाषा का अनुवाद करके बातचीत की जा सकती है। इसमें इमेज का अनुवाद करने की भी सुविधा दी गई है।
इसकी खासियत है कि विदेश यात्रा से पहले आप वहां की भाषा को डाउनलोड कर उसका ऑफलाइन इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां पर फ्रेज़बुक ट्रांसलेशन के साथ कैसे लोकप्रिय फ्रेज का उच्चारण किया जा सकता है, उसका गाइड भी दिया गया है। इसका उपयोग केवल स्मार्टफोन के साथ ही नहीं, बल्कि एंड्राइड वियर डिवाइस के साथ भी किया जा सकता है। यह ऑटोमेटिकली आपके फोन और स्मार्टवॉच को सिंक कर देता है। यह ऐप एंड्रॉयड, आईओएस आदि के लिए उपलब्ध है।
Camera translator
स्मार्टफोन के कैमरे से करें अनुवाद
आप स्मार्टफोन के कैमरे का इस्तेमाल भाषाओं के अनुवाद के लिए भी कर सकते हैं। इसमें कैमरा ट्रांसलेटर ऐप की मदद ली जा सकती है। यह हिंदी सहित तकरीबन 38 भाषाओं को सपोर्ट करता है। ऐप में डिफॉल्ट सेटिंग का फीचर दिया गया है, जिसकी मदद से किसी दूसरी भाषा का अनुवाद अपनी भाषा में किया जा सकता है। ऐप को ओपन करने के बाद स्क्रीन पर एक बॉक्स दिखाई देगा।
आप जिस शब्द, लाइन या वाक्य का अनुवाद करना चाहते हैं उस पर थोड़ी देर फोकस करें। अगर आप किसी बड़े वाक्य का अनुवाद करना चाहते हैं, तो बॉक्स का साइज बढ़ाना पड़ेगा। इसके बाद कैप्चर के विकल्प पर क्लिक करें, कुछ देर के बाद वाक्य आपकी भाषा में ट्रांसलेट हो जाएगा। भाषा का चुनाव सेटिंग में जाकर किया जा सकता है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
Translate voice translator
अपनी आवाज को करें ट्रांसलेट
ट्रांसलेट वॉइस ट्रांसलेटर भी एक ऐसा ही ऐप है, जो आपकी वॉइस को दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने की सुविधा देता है। अच्छी बात यह है कि यहां अनुवाद करने के लिए टेक्स्ट टाइप करने की कोई जरूरत नहीं पड़ती है। इसमें 80 भाषाओं का अनुवाद करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, विभिन्न भाषाओं के टैक्स का भी अपनी भाषा में अनुवाद कर सकते हैं।
साथ ही इसमें, वर्ड सजेशन, स्पेलिंग करेक्ट करने जैसे टूल भी मिलेंगे। आप चाहें, तो ट्रांसलेट हिस्ट्री को भी चेक कर सकते हैं। यहां पर टेक्स्ट को सीधे सोशल नेटवर्किंग साइट, मेल, सर्च इंजन आदि पर शेयर किया जा सकता है। 4.1 रेटिंग वाले इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
इसी तरह के कुछ और भी एप्लीकेशंस हैं, जैसे:- इजी लैंग्वेज ट्रांसलेटर, आईट्रांसलेटर, वॉइस ट्रांसलेट फ्री आदि। इनका इस्तेमाल भी भाषाओं के अनुवाद के लिए किया जा सकता है। इन ट्रांसलेशन टूल की मदद से आप भाषाओं की परेशानियों को एक हद तक कम कर सकते हैं।

